
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: शहर में संचारी रोगों की रोकथाम को लेकर नगर निगम ने कमर कस ली है। अपर नगर आयुक्त नम्रता सिंह के निर्देश पर जोन-3 में विशेष अभियान चलाया गया।
यह अभियान जानकीपुरम विस्तार सेक्टर-7 में चलाया गया, जहां डायरिया के अचानक बढ़े मामलों के बाद नगर निगम की टीम ने मोर्चा संभाला।
गुरुवार को इसी क्षेत्र में आधा दर्जन से अधिक लोग डायरिया की चपेट में आ गए थे, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई की गई।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी पी.के. श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। उनके साथ जोनल सेनेटरी अधिकारी जितेन्द्र गांधी और सफाई एवं खाद्य निरीक्षक सत्येन्द्र नाथ ने भी अभियान की कमान संभाली।
इलाके में फॉगिंग, सफाई और संक्रमण नियंत्रण की कार्रवाई तेजी से शुरू की गई। स्थानीय लोगों को साफ-सफाई रखने, दूषित पानी से बचने और नगर निगम द्वारा दिए जा रहे निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
नगर निगम का यह कदम बारिश के मौसम में फैलने वाले बीमारियों के खतरे को कम करने के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।





