
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
शाहजहांपुर: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर ज़िले से एक सनसनीखेज़ मामला सामने आया है, जहां पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कर दी। यह खौफनाक वारदात खुटार थाना क्षेत्र के नवदिया नवाजपुर गांव की है।
जानकारी के अनुसार, हंसराम उर्फ सूरज की हत्या उसकी पत्नी लक्ष्मी ने अपने प्रेमी जितेंद्र के साथ मिलकर 16 अगस्त को कर दी थी। दोनों ने मिलकर गला रेतकर हंसराम की जान ली, और फिर उसका शव नीले ड्रम में छिपा दिया। शव को जल्दी गलाने के लिए उन्होंने नमक भी डाला।
हत्या के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने लगातार तलाश जारी रखते हुए उन्हें राजस्थान के अलवर ज़िले के रामगढ़ इलाके में एक ईंट-भट्ठे से गिरफ्तार कर लिया।
मृतक हंसराम खैरथल-तिजारा क्षेत्र के एक ईंट-भट्ठे पर काम करता था और वहीं अपनी पत्नी और बच्चों के साथ किराए के मकान में रहता था।
इस वारदात ने गांव में दहशत और सदमे का माहौल पैदा कर दिया है। परिजन गहरे शोक में हैं और पूरे गांव में घटना को लेकर चर्चाएं तेज़ हैं। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की गहन जांच की जा रही है।





