
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ: राजधानी लखनऊ में साइबर अपराध से बचाव के लिए एक जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। यह अभियान यूनियन बैंक के जोनल ऑफिस और हजरतगंज स्थित फिजिक्स कोचिंग सेंटर (Physics Wallah, नरही) में चलाया गया, जिसमें छात्रों और आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर अपर पुलिस उपायुक्त (क्राइम) अमित कुमावत ने साइबर क्राइम सेल की टीम के साथ मिलकर उपस्थित लोगों को साइबर अपराध से बचाव के गुर सिखाए और जागरूक रहने की अपील की।

कार्यक्रम में साइबर क्राइम सेल हजरतगंज कमिश्नरेट लखनऊ की टीम से सब इंस्पेक्टर राकेश मिश्रा, महिला सब इंस्पेक्टर आरती वर्मा और कॉन्स्टेबल अमित तिवारी ने छात्रों को साइबर अपराधों के प्रकार, उनसे बचने के तरीके, और ठगी की स्थिति में क्या करें—इस पर विस्तार से जानकारी दी।

अभियान का उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को ऑनलाइन फ्रॉड, फिशिंग, OTP ठगी, सोशल मीडिया हैकिंग जैसी घटनाओं से बचाने के लिए सचेत और सतर्क बनाना है। कार्यक्रम को प्रतिभागियों ने सार्थक और उपयोगी बताया।





