
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या: जिले के थाना पूराकलंदर क्षेत्र के पास प्रयागराज हाईवे पर आज बड़ा हादसा हो गया। टीवीएस कंपनी की नई मोटरसाइकिलें लेकर जा रहा एक ट्रक 11,000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई।
आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते ट्रक के साथ लदी एक दर्जन से अधिक नई मोटरसाइकिलें जलकर खाक हो गईं। घटनास्थल पर भगदड़ की स्थिति बन गई, लेकिन स्थानीय लोगों की सूझबूझ और फायर ब्रिगेड की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया।
हादसा प्रयागराज हाईवे पर उस समय हुआ जब ट्रक गुजर रहा था। अचानक ऊंचाई की वजह से ट्रक हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया और ट्रक में आग लग गई। दमकल विभाग को तुरंत सूचना दी गई, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने में सफलता पाई।
घटना में हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन लाखों रुपये के माल का नुकसान जरूर हुआ है। पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।





