
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या: राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या में ज़मीन के दाम आसमान छूने लगे हैं, जिसका फायदा उठाकर ठग भी सक्रिय हो गए हैं। ऐसा ही एक बड़ा मामला सामने आया है, जिसमें देवरिया से आए पति-पत्नी ने ज़मीन दिलाने और चार से पांच गुना मुनाफा कराने का झांसा देकर 10 करोड़ रुपये की ठगी कर डाली।
आरोपी पति-पत्नी अयोध्या की कौशल पुरी कॉलोनी में रहते हैं। उन्होंने थाना पूराकलंदर क्षेत्र के भदरसा के आसपास ज़मीन दिलाने का झांसा देकर इटावा से आए एक व्यापारी से 10 करोड़ रुपये कैश और खाते के जरिए ले लिए।
जब व्यापारी ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने न सिर्फ उसे धमकाया, बल्कि आरोपी महिला ने उसे महिला संबंधी अपराध में फंसाने की भी धमकी दी।
मामले की शिकायत पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पति-पत्नी दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब इस पूरे रैकेट की तह तक जाने में जुटी है, क्योंकि आशंका जताई जा रही है कि इस तरह के और भी कई लोग इनके शिकार हो चुके हैं।
राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या की जमीनों को लेकर बढ़ती दिलचस्पी अब ठगों के लिए भी सुनहरा मौका बन गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे ज़मीन खरीदने से पहले सभी दस्तावेजों की पूरी जांच-पड़ताल करें और किसी लालच में न आएं।





