
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तीखे शब्दों में हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा, विकास और लोकतंत्र के साथ लगातार खिलवाड़ कर रही है।
मुख्यमंत्री पर तंज:
अखिलेश यादव ने कहा, “मुख्यमंत्री खुद कहते हैं कि ‘G फॉर गधा’ पढ़ाया जा रहा है, ये हमारे शब्द नहीं हैं। यह शिक्षा का मज़ाक है। हम ये बातें इसलिए कह रहे हैं ताकि स्कूल फिर से खोले जाएं। सरकार बच्चों से पढ़ाई छीन रही है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का मकसद फर्जी वोट बढ़वाना है। “इसलिए राजनीतिक कार्यकर्ताओं को तैयार रहना होगा वोट चोरी के खिलाफ।”
भाजपा की आंतरिक कलह और सीमित विजन पर निशाना:
उन्होंने कहा, “47 तो दूर, 27 से पहले ही ये लोग आपस में तलवारें खींच लेंगे। जनता इनके खिलाफ है, क्योंकि जनता जानती है कि इनका कोई विजन नहीं है।”
उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री खुद भाजपा के सच्चे सदस्य नहीं हैं, केवल चुनाव के वक्त ही भाजपा के नाम का सहारा लेते हैं।
फूलन देवी और PDA का ज़िक्र:
अखिलेश ने कहा, “जब फूलन देवी जी के साथ अन्याय हुआ, तो नेताजी (मुलायम सिंह यादव) ने उन्हें छुड़वाकर सांसद बनाया। लेकिन आज जिनकी विचारधारा ने उनकी हत्या करवाई, वही सत्ता में हैं।”
उन्होंने PDA (परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी) को लेकर कहा, “अब PDA का विजन साफ है, 2027 में PDA सत्ता में होगा। खुद मुख्यमंत्री भी PDA से निकले हुए हैं। अगर उनके मामा मठ में ना होते, तो वे उत्तराखंड से यूपी न आते। वह हमारे प्रवासी मुख्यमंत्री हैं।”
आवारा पशु, डॉग लवर्स और शिक्षा पर कटाक्ष:
उन्होंने सवाल उठाया कि गऊ माता अगर श्राप देती हैं, तो सांड भी श्राप देगा। “आज कोई ऐसा जिला नहीं बचा जहां सांड या जानवर के कारण किसी की जान न गई हो। इसका पाप जनता पर नहीं, सरकार पर पड़ेगा।”
डॉग लवर्स के मुद्दे को उठाते हुए उन्होंने कहा, “अगर आप विकसित भारत का सपना देख रहे हैं तो पेट्स के लिए योजना और इमोशन दोनों होने चाहिए।”
बीजेपी की कार्यशैली पर हमला:
उन्होंने कहा, “भाजपा का विजन ही है कि हर अच्छी चीज को बर्बाद कर दो। ये सिर्फ मुंह से गड्ढा मुक्त यूपी बना सकते हैं। विधानसभा में ये सवालों से बचते हैं, जवाब नहीं देना चाहते।”
सीएम योगी को उन्होंने “नकलची” करार देते हुए कहा कि “दिल्ली में जो तय होता है, उसकी नकल करना इनका काम है। लोगों को 24 घंटे जागने की सलाह देना इनह्यूमन है।”
समाजवादी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं:
अखिलेश ने कहा, “हमारी सरकार में न सिर्फ पावर प्लांट पर काम हुआ, बल्कि कानपुर जैसे बड़े शहर में मेट्रो भी दी गई। डिस्ट्रीब्यूशन और ट्रांसमिशन सिस्टम सुधारे गए, लेकिन वर्तमान सरकार ने सब बर्बाद कर दिया।”
सरकार पर हजारों प्राइमरी स्कूल बंद करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि “बूथ के हिसाब-किताब को दुरुस्त करने के लिए स्कूलों को मर्ज किया जा रहा है।”
अंत में अखिलेश यादव ने कहा, “जो भी चीज़ अच्छी होती है, बीजेपी सरकार उसे जरूर खराब कर देती है। अगर इनके पास कोई असली विजन होता, तो यूपी आज विकसित राज्यों की कतार में होता।”





