
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ के अलीगंज इलाके में मंगलवार को एक बड़ी दुर्घटना उस वक्त हुई जब सड़क का एक हिस्सा धंसकर पाताल जैसा गहरा गड्ढा बन गया। बताया जा रहा है कि गड्ढा तकरीबन 20 फीट गहरा है। हादसे की वजह सीवर लाइन में भारी रिसाव मानी जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। मौके पर जोन-3 के ज़ोनल अधिकारी अमरजीत यादव, अधिशासी अभियंता संजय पांडेय, ज़ोनल सेनेटरी अफसर जितेन्द्र गांधी, एसएफआई संचिता मिश्रा, नगर निगम कंट्रोल रूम टीम लीडर सुबोध सिंह और सुएज कंपनी की टीम मौजूद रही।
फिलहाल इलाके को घेरकर सुरक्षा के इंतज़ाम किए गए हैं और मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही सड़क की मरम्मत कर उसे सामान्य स्थिति में लाया जाएगा।





