
- रिपोर्ट: सुनील जायसवाल
बिहारीगढ़: सहारनपुर जनपद के शिवालिक पहाड़ियों में हुई मूसलाधार बारिश के चलते फतेहपुर पेलियों की सोलानी नदी उफान पर आ गई। इसी दौरान एक स्कूल वैन बच्चों को छोड़ने के लिए नदी पार कर रही थी, जो तेज बहाव और जलभराव के कारण नदी किनारे फंस गई। स्कूल वैन में सवार बच्चों को काफी देर तक डर और असमंजस की स्थिति में रहना पड़ा। पानी का बहाव इतना तेज था कि वैन को आगे बढ़ाना जोखिमभरा हो गया। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि बच्चों को जान जोखिम में डालकर नदी पार कराना पड़ा। स्थानीय ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए खुद मोर्चा संभाला और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी स्कूली बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।
ग्रामीणों की इस बहादुरी की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे पिछले कई वर्षों से इस नदी पर पुल निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। हर साल बरसात के मौसम में यही स्थिति उत्पन्न होती है, जिससे बच्चों और आमजन को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों और अभिभावकों ने प्रशासन से मांग की है कि बरसात के मौसम में ऐसे संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाएं, और शीघ्र ही पुल का निर्माण कार्य शुरू किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न दोहराई जाएं।





