
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: राजधानी लखनऊ में आज से शुरू हो रहे विधानसभा सत्र को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सत्र से पहले पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र कुमार सेंगर ने विधानसभा की सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया।
इस दौरान ज्वाइंट सीपी लॉ एंड ऑर्डर बबलू कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। पुलिस कमिश्नर ने विधानसभा परिसर के अंदर से लेकर बाहर तक की सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। अधिकारियों के साथ उन्होंने विधानसभा के चारों ओर पैदल मार्च कर हालात का आकलन किया।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट कर दिया गया है कि विधानसभा सत्र के दौरान किसी को भी बाहर विरोध-प्रदर्शन की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन या हंगामा करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा के विशेष इंतजामों के तहत भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है, साथ ही एटीएस कमांडो भी मुस्तैद रहेंगे। ट्रैफिक व्यवस्था को भी सत्र के मद्देनजर डायवर्ट किया गया है, ताकि आम जनता को परेशानी न हो और सुरक्षा में कोई चूक न हो।





