
- रिपोर्ट: अमित कुमार
जनपद अयोध्या के ग्रामीण क्षेत्रों में इमाम हुसैन के चेहल्लुम का जुलूस बड़ी आस्था और अकीदत के साथ निकाला जा रहा है। इसी क्रम में आज बीकापुर विधानसभा के थाना पूरा कलंदर क्षेत्र के मीरा जैंना गांव में भी चेहल्लुम का जुलूस निकाला गया। इस दौरान कर्बला में शहीद हुए 72 लोगों के प्रतीक स्वरूप ताबूतों की जियारत कराई गई। इन ताबूतों का ताआरुफ जीशान आज़मी द्वारा कराया गया।
इस मौके पर जनपद अयोध्या के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ अन्य जनपदों से भी बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने जुलूस में शिरकत की। सैयद हुसैन अली रिजवी उर्फ सरदार हुसैन रिजवी ने बताया कि यह जुलूस उनके मरहूम वालिद असगर हुसैन रिजवी द्वारा प्रारंभ किया गया था, जिसे अब उनकी अगली पीढ़ी आगे बढ़ा रही है। उन्होंने बताया कि इस जुलूस की परंपरा को चलते हुए लगभग 94 साल हो चुके हैं।

इस बार के जुलूस में कुल सात अंजुमनों ने भाग लिया और नौहा ख्वानी व सीना ज़नी की रस्में अदा की गईं। बाहर से आने वाले सभी जायरीनों के लिए नज़र-ए-मौला का इंतजाम किया गया था, साथ ही जगह-जगह चाय-पानी और सबीलें भी लगाई गई थीं।

इस धार्मिक जुलूस में पुरुषों, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की भारी संख्या में मौजूदगी रही। अंत में सैयद हुसैन अली रिजवी ने बाहर से आई अंजुमनों और सभी मोमिनों का दिल से शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि उन्होंने शिरकत कर फातिमा ज़हरा के लाल इमाम हुसैन का पुरसा पेश किया, जो बेहद सराहनीय है।





