
हापुड़: रक्षाबंधन के पर्व पर भारी बारिश और भीड़भाड़ को देखते हुए एसपी के निर्देश पर जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। त्योहार के दौरान लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मुस्तैद नजर आए।
इसी कड़ी में धौलाना थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट खुद बारिश में भीगते हुए अपनी ड्यूटी निभाते नजर आए। उन्होंने अपनी टीम के साथ सड़कों पर मौजूद रहकर ट्रैफिक नियंत्रण में सहयोग किया ताकि रक्षाबंधन के अवसर पर बहनें और परिवारजन बिना किसी दिक्कत के अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।
त्योहार के चलते शहर में भारी भीड़ देखी गई, जिससे कई जगहों पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। लेकिन पुलिसकर्मियों की सक्रियता और तत्परता से लोगों को जाम से राहत मिली। एसपी के निर्देशों का पालन करते हुए सभी पुलिस अधिकारी व जवानों ने जिम्मेदारी से अपनी ड्यूटी निभाई और त्योहार को शांतिपूर्वक संपन्न कराने में अहम भूमिका निभाई।





