
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में एक बार फिर ‘गर्दन घोंटू गैंग’ का खौफनाक चेहरा सामने आया है। ये गैंग केवल लूटपाट तक सीमित नहीं है, बल्कि पीड़ित की गर्दन दबाकर उसे बेहोश कर देना भी इनकी रणनीति का हिस्सा बन गया है।
शकरपुर में महिला पर हमला, CCTV में कैद हुई वारदात
पूर्वी दिल्ली के शकरपुर D ब्लॉक में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसका वीडियो CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। वीडियो में देखा जा सकता है कि स्कूटी पर सवार दो बदमाश एक महिला के पीछे से आकर उसका गला इतनी जोर से दबाते हैं कि वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर जाती है।
चेन और झुमके छीनकर फरार
हमले के बाद बदमाशों ने महिला की सोने की चेन और झुमके लूट लिए और स्कूटी पर सवार होकर फरार हो गए। महिला की हालत देखकर साफ है कि बदमाशों ने उसे केवल लूटने के इरादे से नहीं, बल्कि जानलेवा हमला भी किया।
इलाके में दहशत, पुलिस जांच में जुटी
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से इस गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
‘गर्दन घोंटू गैंग’ की सक्रियता से बढ़ी चिंता
दिल्ली में पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आती रही हैं, लेकिन हाल के मामलों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या यह वारदात किसी संगठित गिरोह का हिस्सा है या अलग-अलग घटनाएं आपस में जुड़ी हुई हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं को समय रहते रोका जा सके।





