
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ: लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं करूंगा” वाले बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि यह बयान सिर्फ और सिर्फ वोट बैंक की राजनीति है। अगर वास्तव में किसानों के हित सर्वोच्च होते तो आज भारत सरकार अमेरिका द्वारा लगाए गए 50% टैरिफ पर चुप नहीं रहती।
उन्होंने कहा कि मोदी जी जो बातें कर रहे हैं, वह सच्चाई से परे हैं और देश की जनता को भ्रमित करने का प्रयास है। भारत सरकार अंतरराष्ट्रीय मंचों पर किसानों, पशुपालकों और मछुआरों के हितों की रक्षा करने में विफल रही है।
सुनील सिंह ने मांग की कि प्रधानमंत्री देश को साफ-साफ बताएं कि अमेरिका के साथ व्यापारिक समझौते में किसानों के हितों की सुरक्षा को लेकर क्या ठोस प्रावधान किए गए हैं।लोकदल स्पष्ट करना चाहता है कि वह किसी भी स्थिति में किसानों के हितों के साथ समझौता नहीं होने देगा। सरकार को किसानों के साथ छल करना बंद करना चाहिए।





