अयोध्या: किसानों के साथ खाद की आरती उतारकर सपा ने किया अनोखा विरोध प्रदर्शन

- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या (बीकापुर): किसानों को समय पर खाद न मिलने से नाराज़ समाजवादी पार्टी ने अनोखे तरीके से विरोध जताया। वासुदेवपुरम चौराहे, ब्लॉक बीकापुर में समाजवादी सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव दिव्यांग पंडित समरजीत ने किसानों के साथ मिलकर खाद की आरती उतारी और भाजपा सरकार के खिलाफ नाराज़गी जताई।
प्रदर्शन के दौरान पंडित समरजीत ने कहा,
“भाजपा सरकार के आने के बाद से किसान खाद के लिए दर-दर भटक रहे हैं। सरकारी केंद्रों पर समय से खाद नहीं मिल रही, किसान रात 12 बजे से लाइन में लगते हैं, फिर भी उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ता है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और तंत्र की मिलीभगत से खाद की कालाबाजारी हो रही है, और किसान ब्लैक में खाद खरीदने को मजबूर हैं। इससे खेती प्रभावित हो रही है, खासकर धान की रोपाई के समय खाद नहीं मिलने से किसानों की मेहनत पर पानी फिर रहा है।
पंडित समरजीत ने कहा,
“सरकार कुंभकरण की नींद सो रही है, उसे किसानों की तकलीफें सुनाई नहीं दे रहीं। समाजवादी पार्टी की सरकार आने पर गैस सिलेंडर की तरह किसानों के घरों तक खाद पहुंचाई जाएगी।”
उन्होंने यह भी कहा कि 2027 में किसान भाजपा सरकार का पूरी तरह सफाया करेंगे, क्योंकि वे अब और ठगे नहीं जाना चाहते।
इस प्रदर्शन में कई स्थानीय किसान नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए, जिनमें पूर्व प्रधान चंद्रभान पटेल, रमेश कोरी, अजय वर्मा, अनिरुद्ध सिंह, गोविंद कोरी और विजय यादव प्रमुख रहे।
यह प्रदर्शन क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है और किसानों की समस्याओं को लेकर एक बार फिर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।





