
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। लखनऊ के अन्तर्गत आने वाले थाना निगोहा, आशियाना, पी.जी.आई., हसनगंज और गोमतीनगर क्षेत्रों के कई मनबढ़ और दबंग व्यक्तियों को उत्तर प्रदेश गुण्डा नियंत्रण अधिनियम, 1970 के तहत गुण्डा घोषित करते हुए लखनऊ की सीमा से निष्कासित (जिला बदर) कर दिया गया है।
प्रशासन की ओर से यह कार्रवाई उन व्यक्तियों के विरुद्ध की गई है, जिनकी गतिविधियाँ शांति व्यवस्था के लिए खतरा बन चुकी थीं। ऐसे तत्वों पर लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिनमें आमजन को डराना-धमकाना, अवैध वसूली, मारपीट और आपराधिक प्रवृत्ति की अन्य गतिविधियाँ शामिल थीं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसे तत्वों के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। गुण्डा एक्ट के तहत जिला बदर किए गए व्यक्तियों को अब लखनऊ की सीमाओं में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी, और यदि वे आदेश का उल्लंघन करते पाए गए तो उनके विरुद्ध और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई से आम जनता में राहत की भावना है और उम्मीद की जा रही है कि इससे शांति व्यवस्था और बेहतर होगी। पुलिस और प्रशासन ने यह भी संकेत दिया है कि भविष्य में भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि अपराध पर लगाम लगाई जा सके।
- लखनऊ: एसीपी ट्रैफिक राधा रमण सिंह के नेतृत्व में भिटोली चौराहे पर सघन चेकिंग अभियान, 50 वाहन चालान और 12 वाहन सीज
लखनऊ: मड़ियांव थाना क्षेत्र अंतर्गत भिटोली चौराहे पर एसीपी ट्रैफिक राधा रमण सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को एक सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की गई।

चेकिंग के दौरान करीब 50 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 12 वाहन मौके पर ही सीज कर दिए गए। यह अभियान ट्रैफिक नियमों के पालन को सुनिश्चित करने और सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने के उद्देश्य से चलाया गया।
अभियान के दौरान ट्रैफिक इंचार्ज समेत कई पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद रहे और पूरे क्षेत्र में सख्ती से निगरानी रखी गई।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे चेकिंग अभियान जारी रहेंगे और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।





