
बाराबंकी: हैदरगढ़ थाना क्षेत्र स्थित अवसानेश्वर मंदिर में हुए हादसे के बाद मंगलवार को एडीजी जोन सुजीत पाण्डेय मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां मौजूद अधिकारियों और श्रद्धालुओं से विस्तृत जानकारी ली।
एडीजी जोन ने खुद घटनास्थल की वीडियोग्राफी कराई और कहा कि स्थिति अब पूरी तरह सामान्य है। हादसा उस वक्त हुआ जब मंदिर परिसर में बंदरों के उत्पात के चलते बिजली का तार टूट गया, जिससे करंट फैल गया और अफरा-तफरी मच गई।
इस हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 29 अन्य घायल हुए। इनमें से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना रात करीब 2:00 बजे की है, जब मंदिर में पूजा-अर्चना चल रही थी। हादसे के बाद मौके पर तैनात पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तत्काल सीएचसी पहुंचाया।
फिलहाल मंदिर में पूजा-पाठ का कार्य दोबारा शुरू हो गया है, लेकिन शिव भक्तों की सुरक्षा को देखते हुए मंदिर परिसर की विद्युत आपूर्ति फिलहाल बंद कर दी गई है।
प्रशासन की ओर से हादसे की जांच जारी है और अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि ऐसे हादसे दोबारा न हों, इसके लिए पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।





