
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: श्री गुरु नानक गर्ल्स पी.जी. कॉलेज (लखनऊ विश्वविद्यालय) की 19 यूपी गर्ल्स बटालियन की एनसीसी कैडेट्स ने शनिवार को कारगिल विजय दिवस के अवसर पर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

1999 के ‘ऑपरेशन विजय’ में देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए सैनिकों की याद में कैडेट्स ने पुष्प अर्पित किए और देशभक्ति गीतों व प्रभावशाली भाषणों के माध्यम से उनके अदम्य साहस और बलिदान को नमन किया।

कॉलेज की प्राचार्या डॉ. सुरभि गर्ग ने अपने उद्बोधन में कारगिल युद्ध के ऐतिहासिक महत्व और भारतीय सैनिकों के त्याग पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह दिवस न केवल हमारी सेना के शौर्य की गाथा है, बल्कि युवाओं को प्रेरणा देने वाला भी है।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया, जिससे पूरा माहौल देशभक्ति की भावना से सराबोर हो उठा।






