
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
नई दिल्ली: गूगल की पैरेंट कंपनी अल्फाबेट के सीईओ सुंदर पिचाई अब आधिकारिक रूप से अरबपति बन गए हैं। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक, उनकी कुल संपत्ति अब 1.1 अरब डॉलर (लगभग 9,200 करोड़ रुपये) तक पहुंच गई है।
सुंदर पिचाई का यह सफर बेहद प्रेरणादायक रहा है। उन्होंने तमिलनाडु के एक छोटे से शहर में दो कमरे के मकान से जीवन की शुरुआत की थी और आज वह दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों में से एक के शीर्ष पद पर हैं।
कड़ी मेहनत और दूरदृष्टि की मिसाल
पिचाई ने अपनी पढ़ाई IIT खड़गपुर से की और फिर अमेरिका जाकर स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी और UPenn के वॉर्टन स्कूल से उच्च शिक्षा हासिल की। गूगल में उनका करियर बतौर प्रोडक्ट मैनेजर शुरू हुआ, और उन्होंने क्रोम, गूगल ड्राइव, एंड्रॉइड और जीमेल जैसे कई प्रोडक्ट्स को लीड किया।
2015 में उन्हें गूगल का CEO बनाया गया और 2019 में वे अल्फाबेट के भी सीईओ बन गए। कंपनी में उन्हें मिलने वाले शेयर आधारित बोनस और वेतन पैकेज के चलते अब उनकी संपत्ति अरब डॉलर के पार पहुंच गई है।
सुंदर पिचाई न केवल भारत बल्कि पूरी दुनिया के लिए इस बात की मिसाल हैं कि सीमित संसाधनों के बावजूद कड़ी मेहनत, लगन और दूरदृष्टि से हर मुकाम हासिल किया जा सकता है।





