
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ: राजधानी लखनऊ में स्वच्छता को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से स्वच्छ संकल्प तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह यात्रा कई किलोमीटर तक निकाली गई और पूरे मार्ग पर तिरंगे की शान और स्वच्छता का संदेश गूंजता रहा।
लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल भी इस भव्य यात्रा में शामिल हुईं। उन्होंने लखनऊवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “यह जनभागीदारी ही लखनऊ को स्वच्छता में शीर्ष पर ले जाएगी।”
महापौर ने संकल्प लिया कि अगले साल लखनऊ को देशभर में स्वच्छता रैंकिंग में पहला स्थान दिलाया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने पुराने लखनऊ में सफाई और व्यवस्थाओं को और बेहतर करने का आश्वासन भी दिया।

गौरतलब है कि हाल ही में लखनऊ ने स्वच्छता सर्वेक्षण में देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त किया है, जो शहरवासियों की जागरूकता और नगर निगम की मेहनत का परिणाम है। अब लक्ष्य है—नंबर 1 पर पहुंचना।
यह यात्रा न सिर्फ सफाई का संदेश लेकर चली, बल्कि लखनऊ को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ शहर बनाने के सामूहिक संकल्प की मिसाल बन गई।





