
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
मथुरा: जिले में पुलिस महकमे से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। एसएसपी की सख्त कार्रवाई के तहत 27 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है। यह कार्रवाई एलआईयू (लोकल इंटेलिजेंस यूनिट) की जांच रिपोर्ट के बाद की गई, जिसमें चौंकाने वाले खुलासे सामने आए।
सूत्रों के मुताबिक, लाइन हाजिर किए गए अधिकांश पुलिसकर्मी थाना प्रभारी निरीक्षकों के हमराह (सहयोगी) थे। इन पर आरोप है कि ये पुलिसकर्मी थाने में आने वाले आम लोगों से सेटिंग और सिफारिश का काम करते थे, और कई मामलों में थाना प्रभारियों के लिए अवैध लेनदेन की भूमिका निभाते थे।
जांच में यह भी सामने आया कि ये हमराह पुलिसकर्मी सुविधा शुल्क लेकर काम करवाने का दबाव बनाते थे, जिससे आमजन को न्याय पाने में बाधा उत्पन्न हो रही थी।
एसएसपी ने एलआईयू की रिपोर्ट को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से सभी दोषी पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है और विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
इस कार्रवाई से जिलेभर के पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है, और इसे पुलिसिंग में पारदर्शिता और जवाबदेही की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।





