
- रिपोर्ट- प्रतीक वार्ष्णेय
हाथरस जनपद के सासनी कोतवाली क्षेत्र में एक खौफनाक हादसा हुआ जिसने हर किसी को झकझोर दिया। फाउंड्री नगर डिपो की रोडवेज बस और बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर ने कुछ ही पलों में एक युवक की जिंदगी छीन ली और यात्रियों की जान पर बन आई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हनुमान मंदिर के पास तेज रफ्तार रोडवेज बस से एक बाइक सवार युवक जोरदार टक्कर मार बैठा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बस में फंस गई और चिंगारी से निकली आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।
यात्रियों में चीख-पुकार – जान बचाने को खिड़कियों से कूदे लोग
जैसे ही आग भड़की, बस में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए लोग खिड़कियों और दरवाजों से कूदकर बाहर निकले। चीखें, दौड़भाग और लपटों से पूरा इलाका दहल गया।
दमकल की मशक्कत – पुलिस-प्रशासन मौके पर
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सासनी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायज़ा लिया।
पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल
घटना का मंजर इतना भयावह था कि जिसने भी देखा, सन्न रह गया। धू-धू कर जलती बस, अंदर से निकलती चीखें और भागते लोग… सब कुछ किसी फिल्मी सीन जैसा लग रहा था – मगर यह हकीकत थी।





