
रिपोर्ट- प्रतीक वार्ष्णेय
हाथरस। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को लेकर उत्साह के बीच हाथरस के मुरसान थाना क्षेत्र अंतर्गत खरगू गांव से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। रविवार दोपहर गांव के एक मकान का छज्जा अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिसमें एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो मासूम बच्चे और एक बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक महिला छत पर खड़े होकर कांवड़ यात्रा का दृश्य देख रही थी। इसी दौरान मकान का पुराना और जर्जर छज्जा अचानक टूटकर नीचे गिर गया। नीचे बैठे दो छोटे बच्चे और एक बुजुर्ग महिला मलबे में दब गए।
चीख-पुकार और भगदड़
हादसे के बाद पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई और आनन-फानन में मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
महिला की रास्ते में मौत
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर अलीगढ़ रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
मौके पर प्रशासनिक अमला पहुंचा
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन व पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव में शोक का माहौल
इस हादसे से खरगू गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। कांवड़ यात्रा के उल्लास के बीच यह घटना पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर गई। डिजिटल के हिसाब से स्क्रिप्ट





