
- रिपोर्ट: प्रतीक वार्ष्णेय
हाथरस: सामाजिक संगठन निःस्वार्थ सेवा संस्थान द्वारा आगामी 20 जुलाई 2025 (रविवार) को रामायण पर आधारित एक भव्य क्विज़ प्रतियोगिता का आयोजन बी.एल.एस. स्कूल, हाथरस में किया जा रहा है। यह आयोजन भारतीय संस्कृति, धार्मिक मूल्यों एवं मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों को विद्यार्थियों तक पहुँचाने की एक प्रेरणादायक पहल के रूप में देखा जा रहा है।
प्रतियोगिता में हाथरस जनपद के 20 प्रतिष्ठित विद्यालयों से लगभग 700 छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। यह प्रतियोगिता विशेष रूप से कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित की जा रही है।
प्रतियोगिता के प्रारंभिक चरण में 800 विद्यार्थियों में से 20 प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा, जिन्हें 10 टीमों में विभाजित किया जाएगा (प्रत्येक टीम में 2 छात्र)। इन टीमों के मध्य मुख्य क्विज़ राउंड संपन्न होगा। प्रतियोगिता का संचालन तीन चरणों में किया जाएगा – प्रारंभिक, अर्ध-समापन (सेमीफाइनल) और अंतिम (फाइनल)।
प्रतियोगिता के प्रश्न रामायण, श्रीराम का जीवनचरित्र, नैतिक शिक्षाएं और भारतीय परंपराओं पर आधारित होंगे।
पुरस्कार विवरण इस प्रकार हैं –
🏆 प्रथम पुरस्कार – ₹11,000 (ग्यारह हजार रुपये नकद)
🥈 द्वितीय पुरस्कार – ₹5,100
🥉 तृतीय पुरस्कार – ₹2,100
साथ ही सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।
संस्थान के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि, “इस आयोजन का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता कराना नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना है। रामायण केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला है।”
कार्यक्रम में शहर के गणमान्य अतिथियों, शिक्षाविदों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति भी सुनिश्चित की गई है।
आयोजन की तैयारी हेतु प्रश्न चयन, पंजीकरण, मंच व्यवस्था, तकनीकी सहयोग आदि कार्यों को लेकर संस्थान की समितियाँ सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। आयोजन के उपरांत संस्थान द्वारा अन्य सांस्कृतिक, शैक्षिक एवं सेवा गतिविधियाँ भी निरंतर आयोजित की जाएंगी।
गौरतलब है कि यह कार्यक्रम वर्ष 2023 में भी सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है। इस वर्ष यह आयोजन और अधिक विस्तृत स्तर पर किया जा रहा है, जिसमें विद्यार्थियों की बढ़ी हुई भागीदारी को देखते हुए व्यापक तैयारियाँ की जा रही हैं।
कार्यक्रम की सफलता हेतु निःस्वार्थ सेवा संस्थान कार्यालय (नया मिल कंपाउंड) में समिति सदस्यों की बैठकें भी लगातार आयोजित की जा रही हैं।
इस अवसर पर अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, सचिव नीरज गोयल, कोषाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी सीए प्रतीक अग्रवाल, प्रवक्ता हिमांशु गौड़, कोऑर्डिनेटर चंद्र प्रकाश अग्रवाल, सोशल मीडिया प्रभारी सारांश टालीवाल, सह सचिव तरुण राघव, सह सचिव निश्कर्ष गर्ग, वरुण अग्रवाल, ध्रुव कोठीवाल, सतेंद्र मोहन, स्वदेश वार्ष्णेय, विशाल सोनी और आशीष अग्रवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।





