
रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ। आज दिनांक 12 जुलाई 2025 को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन. बी. सिंह के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की एक टीम ने रहीम नगर क्षेत्र में स्वास्थ्य सर्वेक्षण अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमिताभ श्रीवास्तव ने किया, जिनके साथ महानगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम भी मौजूद रही।
टीम ने क्षेत्र के 50 घरों का घर-घर जाकर भ्रमण किया और संभावित रोगियों की जानकारी जुटाई। इस दौरान कोई भी नया रोगी सामने नहीं आया, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि क्षेत्र की स्वास्थ्य स्थिति फिलहाल सामान्य है।
स्वास्थ्य टीम ने भ्रमण के दौरान स्थानीय निवासियों को स्वास्थ्य शिक्षा भी दी और बताया कि किसी भी व्यक्ति के बीमार होने की स्थिति में उसे तुरंत निकटतम सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सीय सेवाएं लेनी चाहिए। लोगों को साफ-सफाई बनाए रखने, जलजनित रोगों से बचाव तथा मौसमी बीमारियों के प्रति सतर्क रहने की सलाह भी दी गई।
स्वास्थ्य विभाग के इस अभियान को स्थानीय लोगों ने सराहा और भरोसा जताया कि ऐसी पहल से क्षेत्र में बीमारियों की रोकथाम में सहायता मिलेगी।





