
वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
कुशीनगर। केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत चौधरी के काफिले में उस वक्त अफरातफरी मच गई जब सांसद और विधायक की गाड़ियां आपस में ही टकरा गईं। हादसा कुशीनगर के रामपुर सोहरौना में हुआ, जहां मंत्री जयंत चौधरी शहीद सत्यवान सिंह को श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे।
जानकारी के मुताबिक, काफिले में शामिल सांसद विजय दुबे और विधायक विवेकानंद पाण्डेय की गाड़ियां अचानक एक-दूसरे से टकरा गईं। इस टक्कर में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
हादसे के बाद कुछ देर के लिए काफिले में हलचल मच गई और सुरक्षा कर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार और काफिले में समन्वय की कमी के चलते यह टक्कर हुई।
घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। शहीद को श्रद्धांजलि देने का कार्यक्रम यथावत संपन्न हुआ। प्रशासन ने मामले की जांच कर काफिला प्रबंधन में लापरवाही की बात से इनकार नहीं किया है।





