
वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनंद
मेरठ के जानी थाना क्षेत्र स्थित कला गांव में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया जब दो पुलिसकर्मियों को ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से पीट दिया। यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, दो पक्षों के बीच ज़मीन को लेकर विवाद चल रहा था। झगड़े की सूचना पर पुलिस के दो सिपाही मौके पर पहुंचे थे, लेकिन स्थिति को संभालने के बजाए खुद ही विवाद का शिकार हो गए। आरोप है कि दबंग ग्रामीणों ने सिपाहियों पर हमला कर दिया और लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई कर दी।
वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ महिलाएं भी मौके पर मौजूद थीं और एक महिला सिपाही का मोबाइल छीनने की कोशिश कर रही थी। इस हमले में दोनों सिपाही घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए तुरंत कार्रवाई की है। मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में आधा दर्जन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही, अन्य हमलावरों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। मामला अब मेरठ पुलिस की साख से भी जुड़ गया है, और उच्चाधिकारियों ने पूरे मामले की निगरानी शुरू कर दी है।





