
- रिपोर्ट: प्रतीक वार्ष्णेय
हाथरस: दाऊजी महाराज मंदिर परिसर की किला खाई, जो कि पुरातत्व विभाग के संरक्षण में दर्ज है और जहां उच्च न्यायालय द्वारा अवैध निर्माणों को हटाने का स्पष्ट आदेश जारी किया जा चुका है, वहाँ बिजली विभाग द्वारा अवैध निर्माणों को विद्युत कनेक्शन दिए जाने का विरोध तेज हो गया है।
इसी क्रम में विश्व हिंदू परिषद या बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आज नयागंज चौराहे पर जाम लगाकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि जहां आम जनता को विद्युत कनेक्शन प्राप्त करने के लिए मकान मालिक के दस्तावेज, किरायेदारी प्रमाण-पत्र सहित सभी वैध पत्रावलियाँ प्रस्तुत करनी होती हैं, वहीं दाऊजी मंदिर परिसर की किला खाई में अवैध निर्माणों को बिना किसी वैधानिक प्रक्रिया के कनेक्शन दिए जा रहे हैं, जो पूर्णतः अनुचित और गैरकानूनी है।
बजरंग दल ने चेतावनी दी कि यदि यह कार्य तत्काल प्रभाव से नहीं रोका गया, तो आंदोलन को उग्र रूप दिया जाएगा।
विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलते ही कोतवाली हाथरस के प्रभारी निरीक्षक गिरीश चंद्र गौतम मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। उन्होंने आश्वस्त किया कि संबंधित विद्युत कार्य तत्काल प्रभाव से रुकवा दिया गया है और मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। इस पर कार्यकर्ताओं ने चेतावनी के साथ विरोध दर्ज कराया और धरना प्रदर्शन समाप्त कर जाम को समाप्त कर दिया।
इस विरोध प्रदर्शन के दौरान विश्व हिंदू परिषद जिला उपाध्यक्ष गोपाल कृष्ण शर्मा, कैलाश कूलवाला, बजरंग दल विभाग सह-संयोजक हर्षित गोड़, नगर अध्यक्ष संजय गर्ग, नगर उपाध्यक्ष राहुल सिंह, नगर मंत्री अनमोल अग्निहोत्री, नगर सेवा प्रमुख दीपक अग्रवाल, नगर समरसता प्रमुख सुरेश अग्रवाल, नगर सह मंत्री विजय गुप्ता, बजरंग दल नगर संयोजक किशन भारती, सह नगर संयोजक लक्ष्मण, तरुण, कृष्णा, गौ रक्षा प्रमुख नवीन सहित अन्य कार्यकर्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे।
प्रदर्शन शांतिपूर्वक संपन्न हुआ और प्रशासन द्वारा मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।





