
- रिपोर्ट: प्रतीक वार्ष्णेय
हाथरस: जनपद के चंदपा क्षेत्र स्थित संविलियन विद्यालय विसाना में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) पी.एन. दीक्षित ने अचानक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई खामियां सामने आईं, जिससे शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।
CDO दीक्षित ने विद्यालय की व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया, जिसमें प्रमुख रूप से उपस्थिति, सफाई और संसाधनों की स्थिति की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान केवल 38 छात्र उपस्थित पाए गए, जबकि विद्यालय में कुल नामांकित छात्र 153 हैं।
विद्यालय परिसर में झाड़ियां उगी मिलीं, शौचालय बंद पाया गया और हैण्डवॉश की व्यवस्था खराब मिली, जिसमें टोंटी टूटी हुई थी। लाइब्रेरी पर ताला जड़ा मिला, जिसकी चाबी निलंबित शिक्षक के पास होने की जानकारी सामने आई।
वित्तीय अनियमितताओं के चलते शिक्षक कृष्णकांत शर्मा को निलंबित कर दिया गया है, और उनके स्थान पर श्रीमती दीपिका गोयल को नया प्रभार सौंपा गया है।
CDO ने निर्देश दिए हैं कि स्कूल की सफाई, पानी, टॉयलेट और लाइब्रेरी की व्यवस्था को जल्द से जल्द सुधारा जाए। साथ ही बीएसए (बेसिक शिक्षा अधिकारी) को स्वयं विद्यालयों का भ्रमण करने के आदेश दिए गए हैं।
लाइब्रेरी की चाबी न मिलने की स्थिति में समिति गठित कर ताला तोड़ने की कार्रवाई की जाएगी।
CDO की इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में खलबली मची हुई है।





