
- रिपोर्ट: प्रतीक वार्ष्णेय
हाथरस: हाथरस जिले के सिकंद्राराऊ क्षेत्र में आज सुबह एक भीषण सड़क हादसे में कासगंज स्वास्थ्य विभाग में तैनात 25 वर्षीय कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर कार्तिक सेन की मौके पर ही मौत हो गई।
कार्तिक सेन, राजस्थान के भरतपुर के निवासी थे और कासगंज जिले के सहावर ब्लॉक के सेवनपुर स्वास्थ्य उपकेंद्र में अपनी सेवाएं दे रहे थे। आज सुबह वे अपने एक मित्र से मिलने सिकंद्राराऊ जा रहे थे, तभी अगसौली के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना जबरदस्त था कि कार्तिक की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, वहीं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना मिलने पर परिजनों को भी सूचित किया गया।
इस हादसे से स्वास्थ्य विभाग में शोक की लहर है। कार्तिक सेन की असमय मौत ने उनके सहकर्मियों और परिजनों को गहरा आघात पहुंचाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अज्ञात वाहन की तलाश जारी है।





