
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
उन्नाव (नवाबगंज): जैतीपुर गांव में हुई हल्की बारिश ने प्रशासन की लापरवाही की पोल खोल दी है। गांव में नालियों की सफाई न होने के कारण बारिश का पानी लोगों के घरों और दुकानों में घुस गया, जिससे हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। इससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि सामने की नाली काफी समय से बंद पड़ी है, जिसकी वजह से पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। इस कारण थोड़ी-सी बारिश में भी घर और दुकानें पानी से भर गईं। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि परचून की दुकानों में रखा सामान भीग गया, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है।
गांव के निवासी सतीश और नरेश ने बताया कि गांव की हालत बेहद खराब हो चुकी है और जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी केवल कमाई में लगे हैं, जनसमस्याओं से उन्हें कोई सरोकार नहीं है।
ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि आखिरकार इस लापरवाही का जिम्मेदार कौन है? वीडियो फुटेज में साफ दिख रहा है कि किस तरह पानी घरों और दुकानों में घुसा हुआ है और लोग अपने सामान को बचाने की कोशिश कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तुरंत नालियों की सफाई कराने और स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति से बचा जा सके।





