
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या: खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश के पत्र सं. एफएसडीए/अभि./2025-26/3065 दिनांक 02.07.2025 के अनुपालन में आज दिनांक 03.07.2025 को एक विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। सहायक आयुक्त (खाद्य) II श्री मानिक चन्द्र सिंह के निर्देशन एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में विभागीय टीम ने विभिन्न पनीर विक्रेताओं पर छापेमारी की।
पांच प्रतिष्ठानों से लिए गए पनीर के नमूने
जनमानस को शुद्ध एवं मिलावट रहित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस कार्रवाई में निम्नलिखित प्रतिष्ठानों से पनीर के नमूने एकत्र किए गए:
- यादव डेरी, सोहावल चौराहा
- मधुर मिलन स्वीट्स, बेकर एंड फास्ट फूड, सोहावल चौराहा
- अरफ़ात डेरी, फतेहगंज
- रामा डेरी, फतेहगंज
- पराग डेरी, अयोध्या
पांचों स्थानों से पनीर के नमूने लेकर जांच हेतु प्रयोगशाला को भेजे गए हैं।
संदिग्ध गुणवत्ता पर जब्ती की कार्रवाई
अरफ़ात डेरी पर संदिग्ध गुणवत्ता के 109 किलो पनीर (मूल्य ₹37,000) तथा रामा डेरी पर 25 किलो पनीर (मूल्य ₹7,000) को मौके पर जब्त किया गया। प्रयोगशाला रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार अभियोजन की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी।
जागरूकता भी बनी अभियान का हिस्सा
इस अभियान के दौरान “फूड सेफ्टी कनेक्ट” ऐप के उपयोग को लेकर खाद्य विक्रेताओं को जागरूक किया गया। साथ ही खाद्य सुरक्षा संबंधित जानकारियों से युक्त स्टिकर भी प्रतिष्ठानों पर चस्पा कराए गए।
प्रवर्तन टीम में शामिल अधिकारीगण
इस विशेष प्रवर्तन दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष साहू, अजय सोनी, अनूप सिंह, जयदीप मौर्य एवं सुमित चौधरी शामिल रहे।





