
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
जौनपुर: जिले के सिकरारा थाना क्षेत्र के प्रतापगंज बाजार में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दिल्ली से वाराणसी जा रही एक टूरिस्ट बस में चलते समय अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने का कारण डीजल टैंक से हुआ रिसाव बताया जा रहा है।
कुछ ही पलों में बस ने आग का विकराल रूप ले लिया और वह आग के गोले में तब्दील हो गई। हालांकि, बस में सवार 14 यात्रियों ने कूदकर अपनी जान बचाई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
तेज लपटों ने सड़क किनारे मौजूद एक गुमटी की दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे और भी नुकसान हुआ।
मौके पर दमकल विभाग की टीम ने पहुंचकर आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और बस चालक से पूछताछ की जा रही है।





