
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
उन्नाव: जनपद उन्नाव के थाना हसनगंज क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो सगे भाई दुर्घटनाग्रस्त हो गए। ट्रक और बाइक की टक्कर में एक भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
उलरापुर नेवलगंज निवासी दीपांशु और दिवाकर बाइक से अजगैन से मोहान की ओर जा रहे थे। तभी लालपुर नेवई बॉर्डर के पास उनकी बाइक की टक्कर पूछड़ा से आ रहे एक ट्रक से हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही हसनगंज पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हसनगंज भेजा गया।
जहां चिकित्सकों ने दीपांशु को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल दिवाकर को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल उन्नाव रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और आगे की जांच की जा रही है। इस हादसे से परिवार में कोहराम मच गया है।





