
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या: समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने एक प्रेसवार्ता के दौरान प्रदेश की योगी सरकार और केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और भीषण बिजली कटौती को लेकर सरकार को घेरा।
अवधेश प्रसाद ने कहा, “गर्मी के मौसम में प्रदेशभर में भारी बिजली कटौती हो रही है। लोग रातभर सो नहीं पा रहे हैं। किसान परेशान हैं, धान की बेरन तैयार है लेकिन पर्याप्त बिजली न मिलने से किसान धान नहीं लगा पा रहा है।”
सांसद ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार संविधान से छेड़छाड़ करना चाहती है। उन्होंने कहा, “भाजपा बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के बनाए संविधान के कुछ अंशों को बदलना चाहती है, लेकिन समाजवादी पार्टी ऐसा कभी नहीं होने देगी। संविधान की रक्षा के लिए हम कोई भी कुर्बानी देने को तैयार हैं।”

प्रदेश की स्थिति पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा, “आज उत्तर प्रदेश में हत्या, बलात्कार, महंगाई और बेरोजगारी अपने चरम पर है। भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है।”
इटावा की हालिया घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा, “यह घटना बेहद दर्दनाक है। भाजपा समाज को बांटने की साजिश कर रही है, जबकि समाजवादी पार्टी समाज को जोड़ने का काम करती है। भाजपा की नीतियां देश और समाज को तोड़ने वाली हैं।”





