
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या: अयोध्या के सोहावल तहसील क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया जब चंद्रशेखर यादव नामक युवक अपनी ज़मीन की मांग को लेकर एक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। मामला बढ़ता देख मौके पर अग्निशमन विभाग ने तुरंत टावर के नीचे रेस्क्यू नेट लगाया और युवक को सुरक्षित उतारने की कवायद शुरू कर दी।
रेस्क्यू नेट लगाकर नीचे उतरने की अपील
रेस्क्यू टीम और पुलिस लगातार चंद्रशेखर यादव से नीचे उतरने की अपील कर रही है। अधिकारियों ने उसे भरोसा दिलाया है कि उसकी समस्या का समाधान निकाला जाएगा।
एसडीएम से नाराज है चंद्रशेखर
चंद्रशेखर यादव का आरोप है कि उसकी खेती योग्य जमीन पर प्रशासन ने जबरन चकरोड (रास्ता) बना दिया है। वह एसडीएम सोहावल अभिषेक सिंह से नाराज है और अपनी जमीन की वापसी की मांग कर रहा है।
पहले भी कर चुका है ऐसा विरोध
यह पहली बार नहीं है जब चंद्रशेखर ने ऐसा कदम उठाया है। इससे पहले भी वह इसी तरह टावर पर चढ़कर अपनी आवाज़ उठाने की कोशिश कर चुका है।
प्रशासन मौके पर तैनात
घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्च अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस व प्रशासन युवक को सुरक्षित उतारने के प्रयासों में लगातार जुटा हुआ है।
यह मामला प्रशासन और आम जनता के बीच संवादहीनता और जमीनी समस्याओं के समाधान में देरी को उजागर करता है।





