
- रिपोर्ट: अजय सोनकर
वाराणसी। लोहता थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान सिरसा निवासी राहुल उपाध्याय (35 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राहुल अपने बच्चे को विद्यालय छोड़ने गए थे। बच्चे को स्कूल छोड़कर घर लौटते समय छितौनी स्थित न्यू स्टाइल कोचिंग सेंटर के पास उनका सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही लोहता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।
राहुल उपाध्याय की असामयिक मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया, वहीं क्षेत्र में भी शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर दुर्घटना की जांच कर रही है।




