
-34.42 किलो चोरी का एबीसी केबल और तार काटने का कटर बरामद
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी के गोमती ज़ोन अंतर्गत थाना बड़ागाँव पुलिस ने विद्युत केबल चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का विद्युत एबीसी केबल तथा तार काटने का कटर बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शनिवार को मुखबिर की सूचना पर थाना बड़ागाँव पुलिस टीम ने नयनपुर नहर पुलिया के पास से अभियुक्त भरत सैनी को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक प्लास्टिक की बोरी में रखा 34.420 किलोग्राम कटा हुआ विद्युत एबीसी केबल/तार तथा एक अदद तार काटने का कटर बरामद हुआ।
पुलिस जांच में सामने आया कि 18 मई 2026 को विद्युत विभाग की ओर से थाना बड़ागाँव में तहरीर दी गई थी, जिसमें अज्ञात चोरों द्वारा ग्राम महदेवपुर से 95 एमएम एवं 50 एमएम एबी केबल चोरी किए जाने तथा ग्राम तिवारीपुर में केबल काटने के प्रयास की शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले में भारतीय विद्युत अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही थी।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्त भरत सैनी ने स्वीकार किया कि उसने कुछ दिन पूर्व महदेवपुर क्षेत्र में विद्युत पोल से केबल काटकर चोरी की थी। आरोपी ने बताया कि चोरी किए गए तार का कुछ हिस्सा वह पहले ही जलाकर उसमें से निकला एल्यूमीनियम बेच चुका है, जबकि शेष तार को सुनसान स्थान पर छिपाकर रखा था। शनिवार को वह बचे हुए तार को बेचने के उद्देश्य से कहीं ले जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान भरत सैनी (24 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय मदन माली निवासी ग्राम कनई सराय, थाना लोहता, जनपद वाराणसी के रूप में हुई है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी भी की गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी चोरी से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक पंकज सिंह चौहान, उपनिरीक्षक अमन यादव, उपनिरीक्षक रंजीत कुमार, आरक्षी विकास कुमार एवं आरक्षी अजय यादव शामिल रहे।





