
-दूसरे दिन छात्राओं ने बिखेरा हुनर का रंग, 250 प्रतिभागियों ने लिया भाग
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। आर्य महिला पीजी कॉलेज में आयोजित तीन दिवसीय युवा महोत्सव ‘अभ्युदय’ 2026 का दूसरा दिन उत्साह, ऊर्जा और रचनात्मकता से सराबोर रहा। महोत्सव में छात्राओं ने विविध सांस्कृतिक एवं साहित्यिक प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी बहुमुखी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। पूरे परिसर में कला, संस्कृति और सृजनात्मक अभिव्यक्ति का अनूठा वातावरण देखने को मिला।
द्वितीय दिवस के कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. रचना दुबे द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने छात्राओं को सृजनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और आत्मविश्वास को नई दिशा देते हैं।
महोत्सव के अंतर्गत मेहंदी, रंगोली, फोटोग्राफी, पोस्टर मेकिंग, मिमिक्री, माइम, नाटक, प्रश्नोत्तरी, एकल नृत्य, कोरियोग्राफी तथा लोक नृत्य सहित अनेक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने न केवल अपनी कलात्मक अभिव्यक्ति प्रस्तुत की, बल्कि बौद्धिक क्षमता, मंच संचालन कौशल और टीम भावना का भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। दूसरे दिन कुल लगभग 250 छात्राओं ने प्रतियोगिताओं में भाग लेकर आयोजन को जीवंत बना दिया।
कार्यक्रम का संचालन छात्राओं द्वारा ही किया गया, जिससे मंच पर आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। महोत्सव की संयोजिका डॉ. अंशुल जायसवाल रहीं, जबकि कार्यक्रम समन्वयक के रूप में डॉ. सुनीता यादव, डॉ. श्वेता सिंह एवं डॉ. नीलम चौधरी ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।इस अवसर पर प्रो. सुचिता त्रिपाठी, प्रो. जया मिश्रा, डॉ. पुष्पा उपाध्याय, डॉ. पूनम, डॉ. अनामिका सिंह, डॉ. जया राय, रितिका सिंह, श्रीकांत मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। पूरे महाविद्यालय परिसर में उत्सव और उमंग का वातावरण बना रहा।
महोत्सव के समापन अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। समापन समारोह दोपहर 3 बजे होगा, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में काशी हिंदू विश्वविद्यालय, वाराणसी के डीन ऑफ स्टूडेंट्स प्रो. रंजन कुमार सिंह उपस्थित रहेंगे।


