- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के धरसौना गांव में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रोहित राजभर (30 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय छेदीलाल, निवासी धरसौना के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोहित बुधवार शाम सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार खुली जीप वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि रोहित गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार होने का प्रयास कर रहा था। ग्रामीणों ने उसे रोकने की कोशिश की, जिससे कुछ देर के लिए घटनास्थल पर हड़कंप की स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। थानाध्यक्ष चोलापुर दीपक कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर वाहन चालक के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। मृतक रोहित राजभर एक गुटखा फैक्ट्री में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी पिंकी के अलावा दो पुत्र अनीश व अंकित तथा एक पुत्री अंजनी हैं। पति की असमय मौत से पत्नी पिंकी समेत पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।



