
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। चौबेपुर क्षेत्र के गौरा उपवार तिवारीपुर निवासी सत्यम त्रिपाठी के साथ शनिवार की सुबह बहादुरपुर के पास हमला कर लूटपाट किए जाने का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सत्यम त्रिपाठी अपनी माँ और पत्नी के साथ चौबेपुर की ओर आ रहे थे, तभी सामने से मोटरसाइकिल पर बाल्टी लादे हुए बहरामपुर निवासी विरू पाल ने उनकी चार पहिया गाड़ी में ज़ोरदार टक्कर मार दी।
पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद विरू पाल ने फोन कर अपने साथी चंदन यादव को मौके पर बुलाया, जिसके बाद दोनों ने पीड़ित, उनकी माँ और पत्नी के साथ अभद्रता करते हुए गालियाँ दीं और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान आरोपियों ने पीड़ित के गले से सोने की चेन छीन ली तथा उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।पीड़ित सत्यम त्रिपाठी ने इस संबंध में थाना चौबेपुर में तहरीर देकर विरूपाल, चंदन यादव सहित उनके साथियों पर मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं चौबेपुर पुलिस तहरीर लेकर मामले की जांच में जुट गई है


