
- रिपोर्ट: राजीव आनन्द
लखनऊ: लखनऊ के दुबग्गा बस्ती स्थित झुग्गी-झोपड़ी पाठशाला में वी हेल्प फाउंडेशन द्वारा गरीब और जरूरतमंद बच्चों के बीच बैग और किताबों का वितरण किया गया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त डीआईजी उदय प्रताप सिंह और सेवानिवृत्त न्यायाधीश बी.डी. नकवी बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे।
इस कार्यक्रम में फाउंडेशन के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे, जिन्होंने बच्चों को शिक्षासामग्री वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

संस्था के सचिव नावेद अहमद ने जानकारी देते हुए बताया कि, “एक वर्ष पूर्व वी हेल्प फाउंडेशन ने दुबग्गा मंडी के पीछे झोपड़ियों में रहने वाले जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क शिक्षा देने की शुरुआत की थी। अब इस पाठशाला में बच्चों को किताबें, स्टेशनरी और बैग जैसी आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई जा रही है।”

नावेद अहमद ने यह भी कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना है, ताकि कोई बच्चा सिर्फ संसाधनों की कमी के कारण शिक्षा से वंचित न रह जाए।
यह पहल समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में एक सार्थक प्रयास के रूप में देखी जा रही है।





