
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी: चिरईगांव विकासखंड के बराईं ग्राम पंचायत में प्राथमिक विद्यालय बूथ पर लोगों का मतदाता सूची में नाम जोड़ने और संशोधन के लिए एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) कुसुम निगम एवं साधना शर्मा ने ग्रामीणों को संबोधित किया। बीएलओ कुसुम निगम एवं साधना शर्मा ने बताया कि जिन नागरिकों का नाम अभी तक वोटर लिस्ट में दर्ज नहीं है, वे आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं।
उन्होंने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड की फोटो कॉपी और दो पासपोर्ट साइज फोटो को अनिवार्य बताया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने उन मतदाताओं को भी सूचित किया जिनके पिता के नाम में त्रुटि या गलत होने के कारण नोटिस जारी किए गए हैं। ऐसे व्यक्तियों को संबंधित फॉर्म उपलब्ध कराए जा रहे हैं और उनसे सही दस्तावेज संलग्न कर समय पर फॉर्म जमा करने का अनुरोध किया गया, ताकि उनकी समस्या का समाधान हो सके।
कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को अधिक से अधिक संख्या में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करना है। उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के महत्व पर भी जोर दिया गया।इसमें अश्वनी कुमार,कुसुम निगम, साधना शर्मा , सुबेदार यादव, अनिता गुप्ता सहित कई अन्य पदाधिकारी एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।





