
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। जनपद के हरहुआ ब्लॉक अंतर्गत कोईराजपुर गांव में बदहाल सड़क ने ग्रामीणों के सब्र का बांध तोड़ दिया। पिछले 15 वर्षों से मरम्मत की राह देख रही चौरा माता मंदिर से मौर्या बस्ती तक की (2 किमी से अधिक) सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री और स्थानीय विधायक-सांसद तक ऑनलाइन शिकायत के बावजूद अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई।
हाल ही में ऋषि विश्वकर्मा नामक छात्र के गिरकर फैक्चर होने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर बांस-बल्ली लगाकर आवागमन ठप कर दिया और जमकर नारेबाजी की। मौके पर पहुंचे भाजपा मंडल अध्यक्ष अजय मिश्रा ने ग्रामीणों की नाराजगी देख तुरंत विधायक त्रिभुवन राम और एमएलसी व भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा से फोन पर बात कराई।जनप्रतिनिधियों द्वारा 2 से 3 माह के भीतर सड़क मरम्मत के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए और धरना समाप्त किया। प्रदर्शन में गोपाल विश्वकर्मा, सुरेंद्र यादव, उर्मिला विश्वकर्मा, राजू विश्वकर्मा, भरत विश्वकर्मा, लालता यादव, गजानंद पांडेय, जीवबोधन पांडेय सहित भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।




