
- रिपोर्ट: अजय सोनकर
वाराणसी में थाना जैतपुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित चाइनीज/नायलॉन मांझा के अवैध कारोबार का पर्दाफाश किया है। पुलिस टीम ने करीब 115.750 किलोग्राम प्रतिबंधित मांझा के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई माननीय पुलिस आयुक्त, वाराणसी द्वारा अपराधों की रोकथाम, चोरी व लूट की घटनाओं के सफल अनावरण तथा वांछित एवं फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। अभियान माननीय पुलिस उपायुक्त काशी ज़ोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी ज़ोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज और थानाध्यक्ष जैतपुरा के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा था।
पुलिस को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर थाना जैतपुरा क्षेत्र में छापेमारी की गई, जहां से प्रतिबंधित चाइनीज/नायलॉन मांझा बेच रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। बरामद मांझा पतंगबाजी में इस्तेमाल होने वाला बेहद खतरनाक बताया जा रहा है, जिस पर शासन द्वारा पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।
फिलहाल पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह प्रतिबंधित मांझा कहां से लाया गया था और इसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस ने साफ किया है कि इस तरह के अवैध कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





