
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र काशी में 2183.45 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 52 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। साथ ही उन्होंने देशभर के किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) की 20वीं किस्त भी जारी की।
प्रधानमंत्री ने इस मौके पर कहा, “आज का दिन जवानों के पराक्रम ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और किसानों को प्रणाम करने का अवसर है। यहां आज एक विराट किसान उत्सव हो रहा है, और जब काशी से धन जाता है तो वह अपने आप प्रसाद बन जाता है।”

10 करोड़ किसानों को 21 हजार करोड़ की सौगात
PM मोदी ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत देश के 10 करोड़ किसानों के खातों में 21,000 करोड़ रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की गई है। इस अवसर पर काशी में बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

दिव्यांगजनों को सौंपे सहायक उपकरण
इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने काशी के 2000 से अधिक दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए। मंच पर बुलाकर उन्होंने कुछ दिव्यांगों को अपने हाथों से उपकरण सौंपे।

बबली को दिया ‘नो विजन चश्मा’
आंखों से दिव्यांग बबली को पीएम मोदी ने विशेष ‘नो विजन चश्मा’ पहनाया। उन्होंने बबली के सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया, बातचीत की और हाथ जोड़कर उसका अभिवादन भी किया, जिसका दृश्य भावुक कर देने वाला था।
उपमुख्यमंत्रियों से की मुलाकात
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्रियों से भी मुलाकात की और प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की।
काशी में हुए इस मेगा कार्यक्रम ने न सिर्फ किसानों और दिव्यांगजनों के चेहरों पर मुस्कान बिखेरी, बल्कि विकास की नई दिशा का संकेत भी दिया।





