
- रिपोर्ट: अजय सोनकर
वाराणसी: देव दीपावली का उत्सव 5 नवंबर को मनाया जाएगा। इसे लेकर पूरे देश में उत्साह है। अद्भुत, अकल्पनीय व अलौकिक देव दीपावली की छटा देखने के लिए प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में पर्यटक काशी आते हैं। इसे लेकर फाइव से लेकर टू स्टार तक के होटलों में बुकिंग चल रही है , लेकिन 4 व 5 नवंबर को लेकर जबर्दस्त मारामारी है। इस 4 व 5 नवंबर को वन नाइट स्टे के लिए 5 हजार से लेकर दो लाख रुपये में होटलों में रूम बुक हुए हैं। लगभग सभी बड़े होटलों में रूम्स सोल्ड आउट हो चुके हैं। बाकी थ्री व टू स्टार के होटलों में रूम उपलब्ध है , लेकिन उनके रेट भी काफी हाई हैं। सबसे महंगा पांडेयपुर में 37 हजार तो लक्सा में 32 हजार है। गंगा में चलने वाले क्रूज भी पहले से ही बुक हो चुके हैं। क्रूज पर नार्मल डे में प्रति व्यक्ति 700 टिकट है। देव दीपावली पर यही टिकट 15000 रुपये है। बावजूद इसके वे भी हाउसफुल हो चुके हैं।
कारोबारियों में उत्साह
इस साल महाकुंभ के दौरान होटल कारोबार जबरदस्त चला,स्थिति यह हो गई कि होटल के साथ ही सभी, धर्मशाला, पीजी, गेस्ट हाउस सभी भरे हुए थे।यहां तक कि लोगों ने अपने घरों का भी कामर्शियल उपयोग किया था। होटल के साथ ही सभी ट्रैवल्स, आटो, ई-रिक्शा वालों ने भी उतनी कमाई कर ली, जितनी साल दो साल में करते थे। हालांकि महाकुंभ की हलचल के बाद होटल, टूरिस्ट कारोबार में मायूसी है। इस साल सावन में भी अपेक्षाकृत श्रद्धालु नहीं आए। ऐसे में देव दीपावली पर होटलों की बुकिंग से कारोबारियों में उत्साह है।
गंगा किनारे के होटल बुक
गंगा किनारे होटल में तो बुकिंग लगभग हो गई है। साथ ही छोटी-बड़ी नांव व क्रूज, ट्रैवल्स की गाड़ियां भी बुक हो रही हैं। नौका विहार करने के लिए सैलानियों को नाव पहले ही बुक करानी पड़ रही है। खासकर जो अपने परिवार के साथ इस उत्सव को करीब से देखने पहुंच रहे हैं। शहर एवं आसपास में लगभग 30 बड़े होटल है। इसमें एक फाइव होटल भी शामिल हैं, जो पहले से ही बुक हो चुके हैं। यही स्थिति बजड़ा और नाव की है. छोटे नावों को लेकर बुकिंग चल रही है।
होटलों का हाईएस्ट रेट
लक्सा : 31890 विथ आल टैक्स
महमूरगंज : 18260 विथ आल टैक्स
मलदहिया : 31777 विथ आल टैक्स
शिवाला : 27289 विथ आल टैक्स
अस्सी : 23725 विथ आल टैक्स
भेलूपुर : 14280 विथ आल टैक्स
सामनेघाट : 12160 विथ आल टैक्स
पांडेयपुर : 36600 विथ आल टैक्स
रविंद्रपुरी : 13800 विथ आल टैक्स
सारनाथ : 17170 विथ आल टैक्स
कैंटोमेंट : 17000 विथ आल टैक्स
जिला प्रशासन, पुलिस – पर्यटन विभाग नहीं बनाती ठोस योजना
देव दीपावली पर फाइव व थ्री स्टार होटल और गेस्ट हाउस में कमरे नहीं मिल रहे हैं, जिनके पास कमरे बचे हुए हैं वे मनमाना रेट मांग रहे हैं। फिर भी जिला प्रशासन, पुलिस और पर्यटन विभाग इनके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कोई ठोस योजना नहीं बनाती है. यही हाल, गंगा में संचालित होने वाले नाव और बजड़ों का है। बजड़े पांच लाख रुपये तक बुक हुए हैं। काशी में देव दीपावली पर काफी संख्या में देसी-विदेशी पर्यटक आते हैं। कुछ संचालक सभी कमरे बुक नहीं करते हैं। वह रोककर रखे रहते हैं और देव दीपावली पर मनमाना रेट वसूलते हैं। वाराणसी टूरिज्म गिल्ड के पूर्व अध्यक्ष संतोष सिंह के अनुसार देव दीपावली पर हर साल होटल संचालक मनमाना रेट वसूलते हैं। जिला प्रशासन, पुलिस और पर्यटन विभाग से नियंत्रण करने को कहा जाता है, लेकिन कुछ नहीं हो पाता है।
रिंग रोड और सारनाथ पहुंच रहे पर्यटक
पिछले दो सालों में हाईवे, रिंग रोड और सारनाथ में काफी संख्या में होटल, गेस्ट हाउस, पेइंग गेस्ट हाउस और स्टे होम बने हैं। ऐसे में कमरे नहीं मिलने पर आने वाले पर्यटक यहां कमरा बुक रहे हैं लेकिन यहां भी दोगुना वसूल रहे हैं। दोगुना होने पर कोई विरोध नहीं कर रहा है। ट्रैवेल्स संचालक भी अपने गेस्ट को सारनाथ में ठहराने के लिए कमरा बुक करा रहे हैं।
गोकुल शर्मा, अध्यक्ष, बनारस होटल एसोसिएशन के अनुसार महाकुंभ के बाद होटल कारोबार सुस्त हो गया था। देव दीपावली पर बुकिंग आने से उत्साह बढ़ा है। बड़े होटलों के साथ गंगा घाट के आसपास लगभग होटल के रूम्स बुक हो चुके हैं। शेष होटलों की बुकिंग तेज हो गई। यही स्थिति बजड़ा व नाव की भी है।




