
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। बड़ागांव ब्लॉक में सड़क सुरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य सुरक्षित यातायात व्यवहार को बढ़ावा देना तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम में सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करना था। बैठक में बड़ागांव ब्लॉक के ग्राम प्रधानों ने सहभागिता की और गांव स्तर पर सड़क सुरक्षा जागरूकता फैलाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की कार्यक्रम का आयोजन एवं संचालन सुनील कुमार सिंह, एडीओ पंचायत द्वारा किया गया।
उन्होंने स्थानीय निकायों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यातायात नियमों के पालन और जिम्मेदार नागरिक व्यवहार को बढ़ावा देने में ग्राम स्तर की सक्रियता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने ग्राम प्रधानों से अपील की कि वे ग्रामीणों, युवाओं और विद्यालयी बच्चों को जोड़ते हुए भविष्य में भी सड़क सुरक्षा गतिविधियों को प्राथमिकता दें।
बैठक के दौरान सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों—तेज गति, हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग न करना, गलत दिशा में वाहन चलाना तथा वाहनों पर अधिक भार—पर चर्चा की गई। साथ ही ट्रैक्टरों एवं अन्य कृषि वाहनों पर अनिवार्य रेट्रो-रिफ्लेक्टिव टेप लगाने के नियमों के पालन पर विशेष जोर दिया गया, जिससे रात के समय और कम रोशनी में वाहनों की दृश्यता बनी रहे। ग्राम प्रधानों से अनुरोध किया गया कि वे अपने-अपने गांवों में किसानों एवं वाहन स्वामियों को इस सुरक्षा प्रावधान के प्रति जागरूक करें।
ग्राम प्रधानों ने आश्वासन दिया कि वे जागरूकता अभियानों, सामुदायिक बैठकों तथा गांव स्तर पर कार्यक्रमों के माध्यम से इस संदेश को प्रत्येक परिवार तक पहुंचाएंगे।बैठक का समापन सभी के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ कि सड़क सुरक्षा को लेकर निरंतर प्रयास किए जाएंगे तथा इसे स्थानीय शासन और जनसहभागिता के नियमित एजेंडे में शामिल किया जाएगा।





