
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले से बड़ी आपदा की खबर सामने आई है। खीर गंगा इलाके में बादल फटने की घटना ने भारी तबाही मचा दी है। धराली बाजार पूरी तरह से प्रभावित हुआ है, जहां दुकानें, घर और सड़कें तबाह हो गई हैं।
प्राकृतिक कहर की यह घटना इतनी भीषण थी कि अब तक 80 से अधिक लोगों के लापता होने की सूचना सामने आ चुकी है। प्रशासन और राहत टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं, लेकिन क्षेत्र की दुर्गमता के चलते राहत कार्यों में भारी दिक्कतें आ रही हैं।
वीडियो से तबाही का अंदाजा संभव
घटना से जुड़े कई वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिन्हें देखकर तबाही की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। तेज बहाव में कई घर, वाहन और दुकानों को बहते हुए देखा गया है।
प्रशासन अलर्ट मोड पर
उत्तराखंड सरकार ने आपदा नियंत्रण केंद्र को अलर्ट पर रखा है और एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की टीमें भी सक्रिय की जा रही हैं। लापता लोगों की तलाश और राहत-बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।
मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने घटना का संज्ञान लेते हुए प्रभावित क्षेत्रों में तेजी से राहत पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि लापता लोगों की सुरक्षित तलाश और पीड़ितों को हर संभव मदद सरकार की प्राथमिकता है।
घटना के बाद पूरे उत्तराखंड में चिंता और भय का माहौल है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन का सहयोग करें।





