
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
उत्तराखंड: यमुनोत्री धाम जा रहे तीर्थ यात्रियों के लिए एक दुःखद खबर सामने आई है। नो कैंची क्षेत्र में पैदल मार्ग पर पहाड़ी से भूस्खलन होने के कारण एक बड़ा हादसा हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में 4 से 5 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच चुकी है और बचाव कार्य जारी है। पहाड़ी से अचानक गिरे मलबे के कारण कई लोगों के दबे होने की भी आशंका है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमें घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्यों में जुटी हैं।
गौरतलब है कि मानसून के दौरान उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाएं आम हो जाती हैं, जिससे तीर्थ यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। प्रशासन की ओर से यात्रियों से सतर्क रहने और मौसम की स्थिति के अनुसार यात्रा करने की अपील की गई है।
हादसे से जुड़ी अधिक जानकारी और मृतकों की पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।




