
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
1. यूपी के बैंकों में पड़े ₹7200 करोड़ लावारिस, RBI के पास ट्रांसफर
उत्तर प्रदेश के बैंकों में 10 साल से निष्क्रिय पड़े खातों में लगभग ₹7200 करोड़ की लावारिस रकम पाई गई है। दावेदारों के नहीं मिलने पर यह राशि भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) को ट्रांसफर कर दी गई है।
ज्यादातर मामलों में खाताधारकों की मृत्यु हो चुकी है और नामिनी भी नहीं हैं। हालांकि, यदि कोई दावेदार सामने आता है तो जरूरी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे यह रकम दी जा सकती है।
2. यूपी में बिजली निजीकरण पर कानूनी पेच, उपभोक्ता परिषद ने उठाई आपत्ति
उत्तर प्रदेश में बिजली वितरण के निजीकरण को लेकर कानूनी दांव-पेंच सामने आ रहे हैं। उपभोक्ता परिषद ने नियामक आयोग में विधिक प्रस्ताव दाखिल किया है, जिसमें मांग की गई है कि अदालत में लंबित मामलों के निस्तारण से पहले निजीकरण की मंजूरी न दी जाए।
सोमवार को आयोग में संशोधित प्रस्ताव सौंपा जाना था, लेकिन नियामक आयोग वहां नहीं पहुंच पाया।
3. मरीनो वाटर पार्क हादसे में मालिक-प्रबंधक पर दर्ज हुआ केस
लखनऊ के BKT थाना क्षेत्र स्थित मरीनो वाटर पार्क में 10 मई को एक युवक की मौत के मामले में बड़ा कदम उठाया गया है। कोर्ट के आदेश पर मालिक और प्रबंधक के खिलाफ लापरवाही की धारा में केस दर्ज किया गया है।
वाटर पार्क चंद्रिका देवी मंदिर रोड पर स्थित है, जहां घटना के बाद परिजनों ने न्याय की मांग की थी।
4. फतेहपुर के विवादित मकबरे की जांच पूरी, रिपोर्ट DGP मुख्यालय को सौंपी
फतेहपुर के विवादित मकबरे मामले में पुलिस जांच पूरी हो गई है। जांच रिपोर्ट डीजीपी मुख्यालय को सौंप दी गई है, जिसे परीक्षण के बाद गृह विभाग को भेजा जाएगा।
यह मामला हाल के दिनों में सुर्खियों में रहा था और कई संगठनों ने इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की थी।





